Next Story
Newszop

गौसेवा की दिशा में ऐतिहासिक कदम! 1000 करोड़ की लागत से राजस्थान के इस जिले में बनेगी देश की सबसे बड़ी गौशाला, जानिए खास बातें

Send Push

छापर कस्बे के श्री रामशंकर गौशाला ट्रस्ट के बीड़ क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी आधुनिक गौशाला बनेगी। करीब 1000 करोड़ रुपए की लागत से करीब 3000 बीघा में बनने वाली प्रस्तावित गौशाला में एक ही स्थान पर एक लाख से अधिक गायों को संरक्षण प्रदान किया जाएगा। यह देश की एकमात्र गौशाला होगी, जहां गायों और गोवंश को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इस प्रस्तावित गौशाला का भूमि पूजन मंगलवार शाम गोधूलि बेला में गोपाल परिवार संघ और दातादेवी फाउंडेशन के मार्गदर्शन में ग्वाल संत गोपालानंद सरस्वती, गोकथा वाचक दीदी श्रद्धा सरस्वती की उपस्थिति में हुआ।

भारत गायों और गोवंश का देश है
भूमि पूजन समारोह में ग्वाल संत गोपालानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि गौ माता की सेवा, सम्मान और रक्षा श्रद्धापूर्वक करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह गायों और गोवंश का देश है, जहां गाय दुखी होगी तो हम कैसे सुखी रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि गाय के गोबर और मूत्र की महिमा का वर्णन वेदों और पुराणों में ही नहीं बल्कि आधुनिक ग्रंथों में भी किया गया है। उन्होंने कहा कि हमें भारत की संप्रभुता और सनातन धर्म की रक्षा के लिए गायों की रक्षा करनी चाहिए। 

महाराज ने कहा कि मानव जीवन की सफलता और सार्थकता में गायों की भूमिका सर्वोपरि है। इसलिए गायें खुश रहेंगी तो वह क्षेत्र भी खुशहाल और समृद्ध होगा। ग्वाल संत ने कहा कि छापर के बीड़ क्षेत्र जैसी भूमि देश में कहीं और नहीं है। उन्होंने गोशाला के निर्माण पर होने वाले खर्च पर कहा कि हमें इस पुनीत कार्य में सभी गोभक्तों का योगदान लेना होगा ताकि भारत को गो सेवा की दृष्टि से एकता के सूत्र में बांधा जा सके। ट्रस्टी विनोद जाजू, बजरंग बाहेती, योगी श्यामनाथ और गो कथावाचक श्रद्धा दीदी ने विचार व्यक्त किए। 

एक लाख गायों की सेवा का संकल्प
श्री रामशंकर गौशाला अध्यक्ष जयप्रकाश सोनी ने बताया कि कस्बे के सेठ गोविंदराम पेड़ीवाल परिवार द्वारा गौशाला को दी गई 3000 बीघा भूमि पर गौशाला का निर्माण किया जाएगा। गौशाला में एक लाख गायों की सेवा का संकल्प लिया गया है, जो एक स्थान पर इतनी गायों का होना एक रिकार्ड होगा।

14 किलोमीटर की दीवार
गौशाला मंत्री राधेश्याम सारडा ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व गौशाला की 3000 बीघा भूमि पर 14 किलोमीटर की दीवार का निर्माण किया गया है। साथ ही इस भूमि पर नंदीशाला का भी निर्माण किया गया है, जिसमें सैकड़ों नंदियों की सेवा जारी है। भूमि पूजन के बाद आगामी तीन से चार वर्षों में इस गौशाला का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और छापर कस्बे में गौ सेवा का अभूतपूर्व कार्य होगा।

इस दौरान ट्रस्टी बजरंगलाल बाहेती, सत्यनारायण राठी, विनोद जाजू, हनुमान लाहोटी, रामकिशन मूंदड़ा, सीताराम पेड़ीवाल, सूर्यप्रकाश बाहेती, रतनलाल पुंगलिया, बीकानेर के राधेश्याम राठी, केसरदेसर के प्रयाग चांडक, नोखा के आसकरण सिंथल के बाबूलाल, पालिकाध्यक्ष श्रवण माली, भाजपा अध्यक्ष गजानंद स्वामी, जयराम जांगिड़, रामनिवास जाट, प्रदीप सुराणा, महेश तापड़िया, चंद्रप्रकाश पेड़ीवाल आदि मौजूद थे।

Loving Newspoint? Download the app now