Next Story
Newszop

देश का सबसे बड़ा ड्रग रैकेट! 23000 किलो एमडी बरामदगी मामले में 9 साल बाद आया फैसला, बड़े-बड़े देशों में फैला था नेटवर्क

Send Push

उदयपुर में 9 साल पहले पकड़े गए 8 हजार करोड़ के बहुचर्चित ड्रग रैकेट के 6 आरोपियों को उदयपुर कोर्ट ने 20-20 साल कैद की सजा सुनाई है। साथ ही 2 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। वहीं, एक अन्य आरोपी अतुल महात्रे की तबीयत खराब होने के कारण उसे 10 साल की सजा और एक लाख का जुर्माना लगाया है। दरअसल, मामले में कुल 8 आरोपी थे। इनमें मुख्य आरोपी सुभाष दुदानी है, जिसकी तीन साल पहले मौत हो चुकी है। विशिष्ट लोक अभियोजक राजेश वसीटा ने बताया- यह भारत और एशिया में अब तक की सबसे बड़ी जब्ती कार्रवाई थी। आरोपी पूरा रैकेट मुंबई से चला रहे थे। उन्होंने उदयपुर के कलड़वास, राजसमंद के धोइंदा में गोदाम बना रखे थे।

23 हजार 500 किलो एमडी मिली
छापेमारी के दौरान 23 हजार 500 किलो मेथाक्वालोन टेबलेट मैंड्रैक्स (एमडी) बरामद हुई, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साउथ अफ्रीका और इंडोनेशिया में सप्लाई किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इसकी कीमत करीब 3000 करोड़ रुपए बताई थी, लेकिन बाद में डीआरआई मुंबई की टीम ने इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत का विश्लेषण किया, जिसमें इसकी कीमत 8000 करोड़ रुपए आंकी गई।

रवि दुदानी, परमेश्वर 9 साल से जेल में, बाकी 5 जमानत पर
उदयपुर की एनडीपीएस एडीजे-1 कोर्ट के पीठासीन अधिकारी न्यायाधीश मनीष वैष्णव ने रवि दुदानी, परमेश्वर व्यास, अनिल मलकानी, संजय आर पटेल, निर्मल दुदानी और गुंजन दुदानी को 20-20 साल की सजा सुनाई। जबकि अतुल महात्रे को 9 साल की सजा सुनाई। इनमें रवि दुदानी और परमेश्वर व्यास 9 साल यानी 2016 से सेंट्रल जेल में थे। जबकि मामले में 5 आरोपी जमानत पर बाहर थे, जिन्हें अब सजा सुनाई गई है।

50 गवाह, 1000 दस्तावेज और 300 इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
मामले में सुनवाई के दौरान 50 गवाह, 1000 दस्तावेज पेश किए गए। साथ ही 1600 कंट्रोल सैंपल और 300 इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर आर्टिकल लगाए गए और 50 गवाह पेश किए गए। जिसके बाद आरोपियों पर दोष सिद्ध हुआ। मामले में राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर के अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण खंडेलवाल, विशिष्ट लोक अभियोजक राजेश वसीटा और विशिष्ट लोक अभियोजक एससी शर्मा ने केंद्र सरकार की ओर से पैरवी की।

23 हजार 500 किलो एमडी ड्रग्स बरामद

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) की टीम को मुंबई में इनपुट मिला था। जिसके आधार पर 28 अक्टूबर 2016 को उदयपुर के कलड़वास स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा गया। यहां से 23 हजार 500 किलो एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 8000 करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी गई। इनपुट के आधार पर टीम ने राजसमंद के गुड़ली और धोइंदा में भी छापेमारी की थी। टीम ने मुख्य आरोपी सुभाष दुदानी, उसके भतीजे रवि दुदानी, परमेश्वर व्यास, अनिल मलकानी, संजय आर पटेल, अतुल म्हात्रे, निर्मल दुदानी और गुंजन दुदानी को गिरफ्तार किया था।

Loving Newspoint? Download the app now