कानपुर, 23 जून (Udaipur Kiran) । युवा पीढ़ी को आपातकाल के दौरान हुई लोकतंत्र की हत्या, प्रेस की आज़ादी पर अंकुश, नागरिक अधिकारों के हनन और लाखों राजनीतिक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी जैसे ऐतिहासिक तथ्यों से अवगत कराना ही इन संगोष्ठियों के माध्यम से भाजपा का मुख्य उद्देश्य है। यह जानकारी सोमवार को क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने दीं।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल लोकतंत्र के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा, बल्कि कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करने का माध्यम भी बनेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला मानती है। इस काले अध्याय की 50वीं बरसीं के अवसर पर भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी जिलों में संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के माध्यम से कांग्रेस के संविधान विरोधी चरित्र को जनता के सामने उजागर करेगी।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 जून को भाजपा कानपुर महानगर उत्तर, दक्षिण एवं ग्रामीण जिला संयुक्त रूप से एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन करेगी। जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ एवं भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल बतौर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता शामिल होंगे। प्रदेश नेतृत्व द्वारा आज सभी जिलों के लिए संगोष्ठी में भाग लेने वाले मुख्य अतिथियों एवं वक्ताओं की सूची जारी की गई है।
कानपुर देहात प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह,औरैया प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई, इटावा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप चौहान,फतेहपुर भाजपा नेता ओम प्रकाश श्रीवास्तव एवं मंत्री अजीत पाल,कन्नौज प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा,फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रजनी तिवारी, बांदा उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्रीनन्द कुमार गुप्ता (नंदी), महोबा उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश राठौर, झांसी महानगर केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा एवं प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा,ललितपुर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह एवं मुन्नू कोरी,चित्रकूट प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह एवं मंत्री दानिश अंसारी हमीरपुर प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी,जालौन प्रदेश सरकार के मंत्री संजय गंगवार आदि अलग-अलग जगह उपस्थित रहेंगे।
(Udaipur Kiran) / मो0 महमूद