रांची, 28 जून (Udaipur Kiran) । अंतराष्ट्रीय दौरे में शामिल फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का विशेष प्रतिनिधिमंडल शनिवार को वियतनाम के हनोई में इंडियन चेम्बर ऑफ कॉमर्स इन वियतनाम, हनोई (इंचैम हनोई) के आमंत्रण पर पहुंचा।
बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों संगठनों के बीच व्यापारिक सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को सुदृढ़ करना था।
उल्ले़खनीय है कि इंचैम हनोई वियतनाम में भारतीय व्यापारिक समुदाय का प्रतिनिधित्व करनेवाला प्रमुख संगठन है। इसका उद्देश्य भारत और वियतनाम के बीच व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देना है। यह संस्था भारतीय दूतावास के सहयोग से व्यापारिक गतिविधियां, नेटवर्किंग इवेंट्स और द्विपक्षीय कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने में अहम भूमिका निभा रही है।
दीर्घकालिक सहयोग की नींव
इस अवसर पर झारखंड चेंबर और इंचैम हनोई के बीच एक औपचारिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया जिसका उद्देश्य झारखंड और वियतनाम के व्यापारिक समुदाय के बीच दीर्घकालिक सहयोग की नींव रखना है। चेंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि झारखंड चेंबर और इंचैम हनोई के बीच हुआ यह समझौता न केवल द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि दोनों देशों के लघु, मध्यम और स्टार्टअप उद्यमों को वैश्विक अवसरों तक पहुंच प्रदान करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि आनेवाले वर्षों में वियतनाम के साथ झारखंड के व्यापारिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे। इससे राज्य के उद्यमियों को नए अवसर मिलेंगे।
चेंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी के नेतृत्व में इंचैम हनोई के साथ हुई वार्ता में झारखंड चेंबर के महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव नवजोत अलंग, विकास विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार, शैलेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा, रंजीत गाड़ोदिया और सदस्य मनोज मिश्रा शामिल थे।
एमओयू पर हस्ताक्षर के अवसर पर इंचैम हनोई की ओर से चेयरमैन नवेंदु कुमार, वाइस चेयरमैन चैतन्य रेड्डी, जनरल सेक्रेटरी प्रभज्योत शर्मा और अन्य सदस्य मौजूद थे। उन्होंने झारखंड चेंबर के साथ इस साझेदारी को दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाई देनेवाला कदम बताया।
भारत और वियतनाम में संबंधों का यह नया अध्याय शुरू
चेंबर महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह पहल झारखंड को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह समझौता दोनों संगठनों को व्यापारिक मेल, निवेश सम्मेलनों, प्रतिनिधिमंडल यात्रा, तकनीकी सहयोग, स्टार्टअप एक्सचेंज और सांस्कृतिक साझेदारी जैसे विविध क्षेत्रों में साथ मिलकर कार्य करने की दिशा में प्रतिबद्ध करता है।
इंचैम हनोई के चेयरमैन नवेंदु कुमार ने झारखंड के साथ सहयोग को लेकर गहरी रुचि और उत्साह प्रकट करते हुए कहा कि भारत और वियतनाम के बीच संबंधों का यह नया अध्याय व्यापार और सांस्कृतिक समृद्धि की नई मिसाल बनेगा। सह सचिव विकास विजयवर्गीय और नवजोत अलग ने संयुक्त रूप से कहा कि यह समझौता झारखंड के उद्यमियों के लिए वैश्विक मंचों पर प्रतिस्पर्धा करने का एक सुनहरा अवसर है। यह पहल झारखंड चेंबर की दूरदर्शिता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा में समर्पण को दर्शाता है। उक्त जानकारी प्रवक्ता सुनिल सरावगी ने दी।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
You may also like
भोपाल : 90 डिग्री मोड़ वाले पुल मामले में दो सीई सहित 7 इंजीनियर निलंबित
प्रशांत किशोर ने बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए अच्छी सरकार बनाने का किया आह्वान
ईरान-इजरायल युद्ध का भारतीय बाजार पर असर, सावन में महंगा हुआ सेंधा नमक और ड्राई फ्रूट्स
भूस्खलन के बाद आंशिक रूप से बहाल होगी लुमडिंग-बदरपुर रेल सेवा, 29 जून से शुरू होगा ट्रेन संचालन
पश्चिम बंगाल : भाजपा का तृणमूल सरकार पर निशाना, 'अपराध की राजधानी' बनती जा रही कोलकाता