Next Story
Newszop

आपातकाल के 50 साल, भाजपा करेगी हिमाचल में कई कार्यक्रम

Send Push

शिमला, 22 जून (Udaipur Kiran) । आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने रविवार को बताया कि 25 और 26 जून को शिमला और धर्मशाला में केंद्रीय मंत्रियों की विशेष उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिमला के ऐतिहासिक होटल पीटरहॉफ में 26 जून को केंद्रीय अल्पसंख्यक एवं संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद रहेंगे। वहीं 25 जून को धर्मशाला में केंद्रीय सहकारिता, सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा विभिन्न आयोजनों में शिरकत करेंगे।

त्रिलोक कपूर ने बताया कि दोनों स्थानों पर एक ही रूपरेखा के तहत चार प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें पौधारोपण, पत्रकार वार्ता, मॉक पार्लियामेंट (काल्पनिक संसद), तथा प्रदर्शनी-सह-सेमिनार व लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान आदि शामिल हैं। शिमला में कार्यक्रम संयोजक विधायक और भाजपा प्रवक्ता बलबीर वर्मा होंगे जबकि सह संयोजक के रूप में शिमला लोकसभा प्रत्याशी संजय सूद जिम्मेदारी निभाएंगे। प्रदर्शनी की देखरेख प्रदेश सचिव संजय ठाकुर, पत्रकार वार्ता की कमान प्रदेश मीडिया प्रभारी करण नंदा, पौधारोपण कार्यक्रम की जिम्मेदारी किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव दृष्टा और मॉक पार्लियामेंट का संचालन युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज शर्मा करेंगे। लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह का जिम्मा केशव चौहान को सौंपा गया है।

धर्मशाला के आयोजन में संयोजक स्वयं त्रिलोक कपूर रहेंगे और उनके साथ सह संयोजक के रूप में प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा कार्यभार संभालेंगे। प्रदर्शनी की निगरानी जिला सचिव मनीष सूद, प्रेसवार्ता का संचालन प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विश्व चक्षु, पौधारोपण कार्यक्रम ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विनय चौधरी, मॉक पार्लियामेंट युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष भवानी पठानिया और लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह की व्यवस्था देवेंद्र कोहली देखेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Loving Newspoint? Download the app now